बसें न चलने से कई यात्री हुए परेशान, वहीं शादी वालों को हुई परेशानी

शिवपुरी। बसों का संचालन न होने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। जिले में संचालित करीब 400 बसों के पहिए पूरी तरह से थम गए थे। कई लोग जिन्हें आवश्यक काम से बाहर जाना था वे लोग सुबह के समय बस स्टैंड पहुंचे, लेकिन बसों के न चलने की जानकारी के बाद वे लोग परेशान हुए। कई लोग वायपास पर खड़े होकर वाहनों का इंतजार करते नजर आए तो कई लोग बसों की बजाय ट्रक व अन्य साधनों से सफर करते देखे गए। कई शादी समारोह वाले लोगों केा भी परेशानी का सामना करना पड़ा। शहर के शंकर कालोनी में रहने वाले शकील खान के बेटे की शादी थी। बारात मुरैना जानी थी। ऐसे में उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ा। छोटे वाहनों में सवार होकर परिवार के सदस्यों को मुरैना भेजा गया। शकील ने बताया कि बेटे की शादी है। बारात मुरैना जाना है, ऐसे में वाहनों की व्यवस्था के चलते कम ही बाराती बारात में जा रहे हैं। इसके लिए उन्होंने आनन फानन में छोटे वाहन किराए पर लिए। उसके बाद बारात को रवाना किया गया।