हवन पूजन कर मनाई मां कर्माबाई की जयंती

भितरवार। साहू तैलिक समाज की आराध्य देवी मां कर्माबाई की जयंती महोत्सव शुक्रवार को साहू धर्मशाला में हवन पूजन के साथ मनाया गया। साहू समाज के लोगों ने हवन में आहूति दी और मां कर्माबाई के चित्र पर पुष्प अर्पित किए। गौरतलब है कि साहू समाज भितरवार द्वारा मां कर्माबाई का जयंती महोत्सव हर वर्ष धूमधाम से मनाया जाता था और भव्य चल समारोह निकाला जाता था। इस बार देश में फैले कोरोना वायरस से सुरक्षा के चलते चल समारोह नहीं निकाला गया। समाज के लोगों ने साहू धर्मशाला पर एक-एक से पहुंचकर विधि विधान से हवन पूजन कर जयंती मनाई और कोरोना वायरस से संकट से शीघ्र निजात दिलाए जाने की प्रार्थना की। इस दौरान समाज के लोगों ने मां कर्माबाई को खिचड़ी का भोग लगाया और महाआरती कर प्रसादी का वितरण किया। इस दौरान समाज अध्यक्ष नंदकिशोर साहू ने मां कर्मा बाई के जीवन वृत्त पर प्रकाश डालते हुए कहा कि मां कर्माबाई भगवान कृष्ण की अनन्य भक्त थी। उन्होंने पूरे श्रद्धा भाव से भगवान कृष्ण को अपना आराध्य माना था और उनका भगवान कृष्ण से सीधा साक्षात्कार था। उन्होंने पूरी श्रद्धा से भगवान कृष्ण को अपने हाथों से खिचड़ी बनाकर खिलाई, जिसे भगवान ने भी श्रद्धा भाव से ग्रहण किया। तभी से साहू समाज मां कर्माबाई की जयंती महोत्सव पर खिचड़ी की प्रसादी का आयोजन करता चला आ रहा है। उन्होंने बताया कि मां कर्माबाई नारी शक्ति और शिक्षा के लिए हमेशा तत्पर रही। उन्होंने लोगों से कहा कि समाज के विकास और उत्थान के लिए हमें मां कर्माबाई के पदचि-ों पर चलने की आवश्यकता है। इस अवसर पर प्रमुख रूप से पूरनलाल साहू, गौरी शंकर साहू, बृजेन्द्र साहू, रामकिशन साहू, भगवानलाल मोदी, विजय मोदी, आशीष मोदी, जानकी प्रसाद साहू, सुरेश मोदी, मानसिंह मोदी, बालचंद मोदी, काशीराम साहू, कमल साहू, मिथिलेश मोदी, मक्खन लाल साहू, नरेश मोदी, सौरभ साहू सहित कई लोग उपस्थित रहे।