शिवपुरी। मायापुर थाना क्षेत्र के तहत ग्राम पीपलखेड़ा में रहने वाली महिला ने ससुरालियों पर दहेज प्रताड़ना का केस दर्ज करवाया है। ऊषा पत्नी प्रजापति पुत्री कल्याण प्रजापति निवासी ग्राम निदानपुर थाना चंदेरी जिला अशोकनगर हाल निवासी पीपलखेड़ा थाना मायापुर ने बताया कि उसकी शादी रवि प्रजापति निवासी अशोकनगर के साथ हुई थी। शादी के कुछ समय तक सब कुछ ठीक चला, लेकिन इसके बाद ससुरालीजन उसे आए दिन दहेज के लिए प्रताड़ित करने लगे। जब महिला ने दहेज लाने से मना कर दिया तो उसे घर से निकाल दिया। घर से निकाले जाने के बाद महिला पिता के यहां पहुंची और मामले के बारे में बताया। पिता ने भी लड़की के ससुरालीजनों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह नहीं माने। महिला थाने गई और मामले में भागो प्रजापति, लालाराम प्रजापति, रवि प्रजापति के खिलाफ दहेज प्रताड़ना का केस दर्ज करवाया।
महिला को किया दहेज के लिए प्रताड़ित