मेरिट वाले विद्यार्थी और खिलाड़ियों को प्रोत्साहन राशि देने की तैयारी

मेरिट वाले विद्यार्थी और खिलाड़ियों को प्रोत्साहन राशि देने की तैयारी


इंदौर । देवी अहिल्या विश्वविद्यालय का वार्षिक बजट मार्च के दूसरे सप्ताह में रखा जाएगा। जहां पिछले साल की तुलना में विवि प्रशासन ने 10 फीसदी खर्च अधिक बताया है। लगभग 330 करोड़ का बजट तैयार हो रहा है। पहली मर्तबा मेरिट वाले विद्यार्थियों को इनाम और विवि का प्रतिनिधित्व करने वाले खिलाड़ियों को भी प्रोत्साहन राशि देना तय किया है। विवि इस बार विद्यार्थियों के लिए सुविधा जुटाने पर ज्यादा खर्च करने वाला है।


2020-21 में विभागों के महीनों से अटके विकास कार्यों को पूरा किया जाएगा। इसके लिए विवि ने सालभर में 10 करोड़ का खर्च बताया है। लाइब्रेरी और विभागों में नई किताबों की खरीदी होनी है। इस पर सालभर में तीन से पांच करोड़ का खर्च अनुमानित है। विदेशी जर्नल्स की सालाना मेंबरशिप भी लेंगे। जिस पर महज 75 लाख रुपए खर्च किए जाएंगे। खर्चों के अलावा विवि ने परीक्षा फीस, संबद्धता, रिव्यू, डिग्री समेत विद्यार्थियों से जुड़ी अन्य सेवाओं से आय का उल्लेख किया है। बड़े खर्च में विवि ने ऑटोमेशन प्रोजेक्ट का सॉफ्टेवयर खरीदना भी रखा है। यह सॉफ्टवेयर आरजीपीवी से लिया जाएगा। छात्र सुविधा जुटाने पर भी अलग से राशि रखी है। इसे मेरिट वाले विद्यार्थी, खेलों में अच्छे प्रदर्शन करने वाले, आर्थिक रूप से कमजोर और सहायता राशि शामिल है। प्रभारी रजिस्ट्रार अनिल शर्मा का कहना है कि बजट में कुछ नए मद जोड़े जाएंगे। यह सभी विद्यार्थी सुविधा को लेकर शामिल किए हैं।