पिता बाजार खरीदारी करने आए, विवाहित बेटी ने कुएं में लगा दी छलांग, मौत

पिता बाजार खरीदारी करने आए, विवाहित बेटी ने कुएं में लगा दी छलांग, मौत


भिंड। शहर के लहार रोड तोमर पेट्रोल पंप के पीछे रहने वाली युवती ने कुएं में छलांग लगाकर जान दे दी। युवती की इटावा उत्तरप्रदेश में शादी हुई थी। पति से अनबन के बाद वह पिछले 1 साल से मायके में पिता के पास रह रही थी। वारदात मंगलवार शाम को उस वक्त हुई, जब पिता बाजार में खरीदारी करने आए थे। घर में बेटी अकेली थी। घर से करीब 100 मीटर की दूरी पर स्थित कुएं में विवाहिता ने कूदकर जान दी। पुलिस ने पिता की फरियाद पर मर्ग कायम कर पड़ताल शुरू कर दी है।


लहार रोड पेट्रोल पंप के पीछे रहने वाले रामलखन गोयल ने बेटी फूलश्री 30 का विवाह इटावा उत्तरप्रदेश निवासी विकास गोयल के साथ किया था। विकास से अनबन होने के बाद फूलश्री करीब 1 साल से मायके में पिता के पास आकर रह रही थी। मंगलवार शाम को पिता बाजार गए हुए थे। घर में फूलश्री अकेली थी। इस दौरान फूलश्री ने घर से 100 मीटर की दूरी पर स्थित कुएं में छलांग लगा दी। पिता बाजार से लौटकर आए तो उन्हें बेटी नहीं मिली। उन्होंने बेटी को तलाश किया। आसपास के लोगों ने कुएं में झांककर देखा तो फूलश्री के कपड़े नजर आए। देहात थाना पुलिस को सूचना दी गई। रस्से की मदद से कुएं में युवक को उतारकर फूलश्री को बाहर निकाला गया। पड़ोसियों की मदद से पिता फूलश्री को लेकर जिला अस्पताल आए। यहां डॉक्टर ने उसे मृत बता दिया। देहात थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर पड़ताल शुरू कर दी है।